Tuesday, October 20th, 2026

अवैध खनन पर हर हाल में चाहिए सख्ती, वनरक्षक को मिलेगा शहीद के समकक्ष दर्जा: CM शिवराज

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देवास और ग्वालियर में अवैध उत्खनन रोकने के लिए एक्शन लेने वाले अफसरों, कर्मचारियों पर हुए हमले की घटना को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन पर हर हाल में सख्ती करें। इसके लिए वन, राजस्व व गृह विभाग के अधिकारी संयुक्त टीम बनाकर काम करें। देवास में शहीद हुए वनरक्षक को शहीद के समकक्ष दर्जा दिए जाने की बात उन्होंने कही और ग्वालियर में हुए टीआई पर हमले की भी जानकारी ली है। शनिवार को कटनी जाने से पहले वन, गृह और राजस्व विभाग के अफसरों की बैठक में सीएम चौहान ने देवास जिले के पुंजापुरा रेंज के रतनपुर में वनरक्षक मदनलाल वर्मा को शिकारियों द्वारा गोली मारने की घटना की पूरी जानकारी ली।

 ग्वालियर में जलालपुर में छावनी अंडरब्रिज के पास ट्रेक्टर रोकने पर टेÑक्टर चढ़ाने से घायल टीआई सुधीर सिंह कुशवाहा के मामले में उन्होंने घटना की वस्तुस्थिति जानने के पश्चात कहा कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करें। बैठक में डीजीपी विवेक जौहरी, प्रमुख सचिव राजस्व मनीष रस्तोगी, वन अशोक बर्णवाल, ओएसडी मकरंद देउस्कर, सचिव मुख्यमंत्री एम. सेलवेंद्रन मौजूद थे।

नगर निगम क्षेत्र के पांच साल के विकास के लिए तैयार किए जाने वाले एक्शन प्लान को मंजूरी देने के लिए सीएम शिवराज सिंह चौहान आज कटनी पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में 704 करोड़ रुपए के विकास प्लान को मंजूरी दी और सभा को संबोधित किया। सीएम चौहान ने कटनी जिले के कैमोर में सीमेंट प्लांट की आधारशिला भी रखी। मुख्यमंत्री चौहान आज कटनी नगर निगम की बैठक लेने पहुंचे। यहां उन्होंने विधायकों और अफसरों की मौजूदगी में कटनी नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए एक साल में किए जाने वाले कामों को मंजूरी देने के साथ पांच साल के 704 करोड़ रुपए के रोडमैप को मंजूरी दी।

 

#अवैध खनन#CM शिवराज

Source : Agency

पाठको की राय